संघर्ष से मिलती है सफलता की प्रेरणा: डीएम
सामूहिक वंदे मातरम से जागी राष्ट्रभक्ति: डॉ. संदीप पांडेय

जौनपुर।स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर *राष्ट्रीय युवा दिवस* का भव्य आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद शौर्य के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. संदीप पांडेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एक विशाल *युवा चेतना शोभायात्रा* निकाली गई। यात्रा राज कॉलेज मैदान से शुरू होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई बीआरपी कॉलेज मैदान पहुंची। इस आयोजन में हजारों की संख्या में नगर के नागरिक, शिक्षक और छात्र शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। दोपहर 2:15 बजे सामूहिक वंदे मातरम गायन का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित हजारों लोगों ने भाग लिया। साथ ही, परिषद के आह्वान पर देश-विदेश में लाखों लोगों ने एकसाथ वंदे मातरम गाया।
मुख्य अतिथि का संबोधन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र कार्यवाह वीरेंद्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर स्थापित किया और वैश्विक भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, “ठंड के बावजूद इस भव्य आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए मैं सभी पदाधिकारियों को बधाई देता हूं। संघर्ष ही जीवन में सफलता की प्रेरणा बनता है।”

Author: fastblitz24



