नई दिल्ली: भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति की घोषणा कर दी गई है। वह मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की जगह लेंगे। कानून मंत्रालय ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।
ज्ञानेश कुमार को मार्च 2024 में चुनाव आयुक्त के रूप में नामित किया गया था। वे बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की देखरेख करेंगे। केरल कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयोग के तीन सदस्यीय पैनल में सबसे वरिष्ठ हैं। पैनल में उनके साथ उत्तराखंड कैडर के सुखबीर सिंह संधू भी शामिल है

1989 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। वे जल्द ही अपने नए कार्यालय का कार्यभार संभालेंगे।
राजीव कुमार ने 2022 में मुख्य चुनाव आयुक्त का कार्यभार संभाला था। उनके नेतृत्व में 2024 के लोकसभा चुनावों का सफल संचालन हुआ। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, झारखंड और दिल्ली जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव भी उनके कार्यकाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
नए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की और इसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए। कांग्रेस ने इस दौरान सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी होने तक बैठक स्थगित करने का सुझाव दिया था, लेकिन समिति ने सर्वसम्मति से ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया।
ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब देश बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटा है। उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग की प्रमुख प्राथमिकता चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराना होगा।
– **विशेष संवाददाता, नई दिल्ली**

Author: fastblitz24



