एलान!
‘मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी’
नई दिल्ली। दिल्ली को नई मुख्यमंत्री मिल गई है। शालीमार बाग से पहली बार की विधायक रेखा गुप्ता (50) ने गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ ली। वे दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं।
शपथ समारोह में बड़े नेता शामिल, लेकिन नहीं पहुंचे आप नेता
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा शासित 21 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हुए।

रेखा गुप्ता के साथ 6 मंत्रियों ने भी ली शपथ
नई सरकार के गठन के साथ 6 नए मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।
‘मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी’
शपथ ग्रहण से पहले रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“यह मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी हाईकमान का धन्यवाद करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।”गौरतलब है कि भाजपा ने अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास को ‘शीशमहल’ नाम दिया था और इसे चुनावी मुद्दा बनाया था। भाजपा का आरोप था कि इसे बनवाने में नियमों की अनदेखी कर करोड़ों रुपये खर्च किए गए।
राजनीतिक सफर: संघ से लेकर मुख्यमंत्री तक का सफर
रेखा गुप्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। वे दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
उन्होंने छात्र राजनीति से अपना करियर शुरू किया और दो बार विधायक का चुनाव हारने के बाद इस बार पहली बार जीत दर्ज की। शालीमार बाग सीट से चुनाव लड़ते हुए उन्होंने आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया।
रेखा गुप्ता की संपत्ति का विवरण
चुनावी हलफनामे के अनुसार, रेखा गुप्ता की कुल संपत्ति ₹5.3 करोड़ है। इसमें उनकी देनदारियां ₹1.2 करोड़ हैं।
चल संपत्ति: ₹2.72 करोड़
अचल संपत्ति: ₹2.60 करोड़ (रोहिणी और शालीमार बाग में घर)
बैंक बैलेंस: ₹72.94 लाख
शेयर इन्वेस्टमेंट: ₹9.29 लाख
बीमा (LIC): ₹53 लाख
गहने: 225 ग्राम सोना (मूल्य ₹18 लाख)
वाहन: उनके नाम कोई कार नहीं, लेकिन उनके पति मनीष गुप्ता के पास मारुति XL6 कार है।
भविष्य की रणनीति पर नजर
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता ने दिल्ली के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर काम करने का संकल्प लिया। अब देखना होगा कि वे दिल्ली की राजनीति में क्या नए बदलाव लाती हैं।

Author: Delhi Desk
Update News From Delhi Desk



