नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू होगा, जो 27 फरवरी तक चलेगा। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के चलते अवकाश रहेगा। सत्र के पहले दिन एलजी वीके सक्सेना प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली को शपथ दिलाएंगे, जो विधायकों को शपथ ग्रहण कराएंगे। इस सत्र में विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता का स्पीकर बनना तय माना जा रहा है, जबकि मोहन सिंह बिष्ट उपाध्यक्ष बनाए जा सकते हैं।
CAG की 14 लंबित रिपोर्टें पेश होंगी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस सत्र में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की सभी 14 लंबित रिपोर्टें पेश की जाएंगी। इनमें दिल्ली की पूर्व सरकार की शराब नीति से जुड़े घोटाले का जिक्र है, जिससे कथित तौर पर दिल्ली को 2026 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। 25 फरवरी को उपराज्यपाल सक्सेना विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद CAG रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिस पर सदन में चर्चा होगी।

सरकार बनाम विपक्ष: महिला सम्मान योजना पर भी होगी बहस
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य “विकसित दिल्ली” सुनिश्चित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (AAP) के पास CAG रिपोर्ट पेश करने के लिए पर्याप्त समय था, लेकिन अब चुनावी कारणों का हवाला दिया जा रहा है। भाजपा 2015-2024 के बीच CAG की रिपोर्ट में सामने आई अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर आप पर हमले की तैयारी में है। वहीं, AAP ने भाजपा की महिला सम्मान योजना को लागू न करने के मुद्दे पर सरकार को घेरने की बात कही है।
दिल्ली में पहली बार महिला विपक्ष की नेता
रविवार को AAP विधायकों की बैठक हुई, जिसमें 22 विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शामिल हुए। इसमें कालकाजी विधायक आतिशी को विपक्ष का नेता चुना गया। पहली बार दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की कमान किसी महिला के हाथ में आई है।
भाजपा विधायकों की बैठक और सरकार का एजेंडा
भाजपा विधायकों की भी रविवार को बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री और अन्य नेता शामिल हुए। इसमें सदन में पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक समन्वय पर चर्चा हुई।
पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत को मंजूरी
मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने और विधानसभा सत्र में CAG रिपोर्ट पेश करने को मंजूरी दी। बैठक के बाद वे अपने मंत्रिमंडल के साथ यमुना आरती के लिए घाट पर पहुंचीं, जहां नदी सफाई को लेकर भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

Author: Delhi Desk
Update News From Delhi Desk



