Fastblitz 24

गोरखपुर में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, 4 लोगों पर FIR दर्ज

गोरखपुर: गोरखपुर में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में आम के पेड़ से लटका मिला। मामला भैरवां गांव का है। मृतक की पहचान 35 साल के निर्गुन यादव के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने इसे हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। पिता जगदीश यादव की तहरीर पर गांव के अमित, बृजपाल, सर्वेश और सत्यम के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का FIR दर्ज हुआ है। परिजनों का कहना है कि निर्गुन का इन चारों से विवाद हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है

ग्रामीणों ने देखा कि शव पेड़ से लटका था, लेकिन उसके घुटने जमीन से टिके थे। पास ही आधी बोतल कोल्डड्रिंक, कीटनाशक की शीशी, चप्पल और बाइक गिरी हुई थी। रस्सी भी नई थी, जिससे मामला और संदिग्ध लग रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने इन सभी साक्ष्यों को जब्त कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि शव की स्थिति ऐसी नहीं थी, जिससे यह लगे कि उसने आत्महत्या की है। चर्चा है कि शराब पीने के दौरान उसका किसी से विवाद हुआ था।

निर्गुन यादव दुबई में शटरिंग का काम करता था। वह 10 फरवरी को होली मनाने के लिए घर आया था। परिजनों का कहना है कि वह शराब पीने का आदी था और परिवार से अलग किराए के मकान में रहता था। दरअसल, गांव के कुछ युवकों से उसकी किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। रातभर परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सुबह होते ही गांव के बाहर आम के पेड़ से उसका शव लटका मिला। निर्गुन को 20 मार्च को दुबई वापस जाना था और उसने फ्लाइट का टिकट भी बुक करा लिया था।

SP सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ होगी। पुलिस परिजनों की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज