विधायक रमेश सिंह ने घर पहुंचकर सौंपा सहायता प्रमाण पत्र
सुइथाकला क्षेत्र के समोधपुर गांव में गुरुवार की सुबह आई तेज आंधी के दौरान घर के बगल आम का पेड़ गिरने से साधना यादव की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य आपदा मोचन कोष से मृतका के पति अनिल कुमार यादव को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यह सहायता राशि अनिल कुमार यादव के बैंक खाते में स्थानांतरित की गई। सहायता राशि का प्रमाण पत्र स्थानीय विधायक शाहगंज रमेश सिंह ने स्वयं पीड़ित परिवार के घर जाकर अनिल कुमार यादव को सौंपा।
यह हादसा गुरुवार सुबह तब हुआ जब साधना यादव अपने घर के पास उपली (उपले) हटा रही थीं। उसी दौरान तेज आंधी में एक बड़ा आम का पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्रता से आर्थिक मदद की प्रक्रिया पूर्ण की गई। तहसीलदार आशीष सिंह, संजय सिंह, फतेबहादुर सिंह, सुरेश कनौजिया समेत कई स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
विधायक रमेश सिंह ने मृतका के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी हर संभव सहायता की जाएगी।
प्रशासन द्वारा यह संदेश दिया गया कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

Author: fastblitz24



