जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी घटना सामने आई है। शाहगंज पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच मुख्य आरोपियों सहित कुल नौ नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
पीड़ित लड़की पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार, वह बीते 8 अप्रैल को अपने घर से कहीं चली गई थी। 21 अप्रैल को वह भटकते हुए शाहगंज के रोडवेज बस स्टैंड स्थित प्रदर्शनी मैदान के पास पहुंची थी। इसी दौरान, पांच नाबालिग लड़कों ने लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

स्थानीय लोगों ने जब लड़की को बदहाल अवस्था में देखा, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शाहगंज पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई करते हुए पांच मुख्य आरोपियों और चार सह आरोपियों सहित कुल नौ नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस स्टैंड के पास प्रदर्शनी मेला ग्राउंड से एक नाबालिग लड़की के साथ पांच लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। उन्होंने बताया कि लड़की की गंभीर हालत देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज किया और पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में गिरफ्तार किए गए सभी नौ नाबालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

Author: fastblitz24



