जौनपुर: जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन स्थित यात्री प्रतीक्षालय में शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब यात्रियों ने एक अज्ञात वृद्ध का शव पड़ा देखा। स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।

मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है। वह सफेद शर्ट और काली पैंट पहने हुए था, और उसका रंग गोरा है। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि मृतक किसी ट्रेन से यात्रा कर रहा था और किसी अप्रिय घटना का शिकार हो गया। हालांकि, मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।


जीआरपी ने नियमानुसार शव को 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है। इस दौरान यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान करता है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में जौनपुर जंक्शन सर्किल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे पुलिस अपराध नियंत्रण में असफल साबित हो रही है। कई बार आपराधिक मामलों में ‘लीपापोती’ का भी आरोप लगता रहा है।
यह घटना न केवल जीआरपी और आरपीएफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है, बल्कि रेलवे में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब यात्रियों को अपनी सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क रहना होगा, वहीं प्रशासन को भी इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
Author: fastblitz24



