Fastblitz 24

सिद्धार्थनगर में फिर सोनम हुई बेवफा, एक और “राजा” का कत्ल

प्रेम, विश्वासघात और खौफनाक अंत: 18 साल की लव मैरिज का कत्ल, पत्नी ने जहर देकर पति को मारा, कंकाल मिलने से खुला राज

सिद्धार्थनगर :उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग में अंधी एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की निर्मम हत्या कर दी। पति को मौत के घाट उतारने के बाद, शव को नदी में फेंक दिया गया ताकि कोई सुराग न मिले। लेकिन कहते हैं न कि हर जुर्म का अंत होता है, और लगभग डेढ़ हफ्ते की गहन खोजबीन के बाद, मृतक का कंकाल बरामद होने के साथ ही इस खूनी साजिश का पर्दाफाश हो गया। यह कहानी सिर्फ एक हत्या की नहीं, बल्कि रिश्तों के टूटने, विश्वासघात और एक धोखेबाज प्रेम की दर्दनाक गाथा है।

यह पूरा मामला सिद्धार्थनगर के ढेबरुवा थानाक्षेत्र के नजरगढ़वा गांव का है। यहां के निवासी कन्नन दिल्ली में रहकर काम करते थे। लगभग 18 साल पहले उन्होंने दिल्ली की रहने वाली संगीता से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने अपने गांव में एक अलग घर बनाकर अपना जीवन शुरू किया था। कन्नन अक्सर दिल्ली से गांव आते-जाते रहते थे। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन इस प्रेम कहानी में एक तीसरा किरदार तब दाखिल हुआ, जब दो साल पहले दिल्ली जाते समय ट्रेन में कन्नन की पत्नी संगीता की मुलाकात बलरामपुर के निवासी अनिल शुक्ला से हुई। यह मुलाकात धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई, और दोनों के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हो गया, जिसके बाद बातों का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते, उनका प्रेम परवान चढ़ने लगा। कन्नन की गैरमौजूदगी में अनिल अक्सर गांव आकर संगीता से मिलने लगा। किसी को शक न हो, इसके लिए संगीता ने लोगों को बताया कि अनिल उसकी बुआ का लड़का है।

पूरा पढ़िए… ????

काफी समय तक यह मेल-मिलाप चलता रहा, लेकिन 2 जून 2025 को अचानक कन्नन लापता हो गए। आस-पास के लोगों ने पूछना शुरू किया, तो तीन दिन बाद यानी 5 जून को पत्नी संगीता ढेबरुवा थाने पहुंची और पति के लापता होने की जानकारी देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सिद्धार्थनगर पुलिस ने विवेचना शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। उधर, कन्नन के परिवार वाले भी खोजबीन में जुटे हुए थे। तभी 9 जून को कन्नन के भाई बाबूलाल को पता चला कि 2 जून, यानि घटना वाले दिन, कन्नन और संगीता साथ में गांव से बाहर गए थे। दोनों क्षेत्र के बढ़नी कस्बे तक भी साथ-साथ थे, मगर इसके बाद कन्नन लापता हो गए। यह जानकारी मिलते ही बाबूलाल ने थाने जाकर भाई के लापता होने में पत्नी की भूमिका बताई, जिसके बाद पुलिस ने संगीता को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की।

कठोर पूछताछ के बाद, संगीता ने आखिरकार सारी कहानी बयां कर दी। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी अनिल शुक्ला के साथ मिलकर रास्ते में अपने पति को जहर खिलाया और फिर उसे राप्ती नदी में फेंक दिया। पुलिस संगीता की निशानदेही पर मौके पर पहुंची और कन्नन का कंकाल बरामद किया। फिलहाल, पुलिस ने हत्यारोपी संगीता और उसके प्रेमी अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love