वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के ट्रामा सेंटर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला प्रोफेसर डॉक्टर के साथ छेड़खानी और अभद्रता का आरोप लगा है। कैंसर सर्वाइवर और प्रोफेसर डॉ. मंजरी मिश्रा ने ट्रामा सेंटर के प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह और उनके दो बाउंसरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में लंका पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर लिया है, जिससे BHU परिसर में हड़कंप मच गया है।

भदैनी मिरर के अनुसार, यह घटना तब सामने आई जब जनरल सर्जरी के प्रोफेसर डॉ. शशि प्रकाश मिश्र के साथ ट्रामा सेंटर में दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ रहा था। डॉ. शशि प्रकाश मिश्र की पत्नी, डॉ. मंजरी मिश्रा, जो खुद एक डॉक्टर हैं, जब अपने पति का बचाव करने गईं, तो उन्हें बाउंसरों की बदतमीजी का सामना करना पड़ा। डॉ. मंजरी मिश्रा ने आरोप लगाया है कि बाउंसरों ने उनके साथ सभी मर्यादाएं लांघ दीं, और उनके साथ छेड़खानी, अभद्रता और लज्जा भंग करने का प्रयास किया गया।
पूरा पढ़िए… ????


तहरीर के मुताबिक, यह घटना 26 मई की सुबह लगभग 10 बजे की है। जब डॉ. मंजरी मिश्रा ट्रामा सेंटर जा रही थीं, तभी उन्होंने देखा कि उनके पति डॉ. शशि प्रकाश मिश्रा (प्रोफेसर, सर्जरी विभाग) के साथ सुरक्षाकर्मी आशीष सिंह गाली-गलौज और दुर्व्यवहार कर रहे थे। जब डॉ. मंजरी ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तो आशीष सिंह और दो अन्य बाउंसर – धनंजय राय और एक अन्य व्यक्ति (संभवत: हरपाल) – ने उन्हें “मोटी”, “औकात में रहो” जैसे अपमानजनक शब्द कहे। डॉ. मंजरी ने यह भी आरोप लगाया कि बाउंसरों ने गलत नीयत से उन्हें हाथ लगाकर धक्का दिया और उनकी ‘लज्जा भंग’ करने की कोशिश की।
ट्रामा सेंटर प्रभारी पर भी धमकी देने का आरोप
डॉ. मंजरी मिश्रा ने बताया कि जब उन्होंने इस पूरी घटना के बारे में ट्रामा सेंटर प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह को बताया, तो उन्होंने उल्टे सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को जायज ठहराया। यही नहीं, डॉ. सौरभ सिंह पर डॉ. मंजरी को धमकाने का भी आरोप है। डॉ. मंजरी के अनुसार, डॉ. सौरभ सिंह ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि “कैंसर से तो बच गई हो, लेकिन आगे के परिणामों से नहीं बच पाओगी।”
डॉ. मंजरी ने इस घटना को महिला गरिमा और कार्यस्थल की शुचिता पर हमला बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार न केवल उनके मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है, बल्कि एक ऐसा भय का वातावरण भी बना रहा है, जिसमें कार्य करना मुश्किल हो गया है। इस घटना के संबंध में डॉ. शशि प्रकाश मिश्रा द्वारा विश्वविद्यालय के मुख्य आरक्षाधिकारी और निदेशक, चिकित्सा विज्ञान संस्थान को पहले ही लिखित शिकायत दी जा चुकी है। अब डॉ. मंजरी ने लंका थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
Author: fastblitz24



