Fastblitz 24

पुलिस की तत्परता से बची युवक की जान, इंस्टाग्राम पोस्ट से मिला था अलर्ट

जौनपुर : उत्तर प्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता का एक बेहतरीन उदाहरण मंगलवार को जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर में देखने को मिला। थाना मुंगराबादशाहपुर पुलिस टीम ने सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करने वाले एक युवक की जान तत्परता से बचा ली। पुलिस मुख्यालय और सोशल मीडिया सेल से मिले अलर्ट के बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए युवक के घर पहुंचकर उसे सुरक्षित बचाया और उसकी काउंसलिंग भी की।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया था। इस पोस्ट के तुरंत बाद, मेटा कंपनी (इंस्टाग्राम की मूल कंपनी) से पुलिस मुख्यालय (सिग्नेचर बिल्डिंग), लखनऊ, उत्तर प्रदेश को अलर्ट प्राप्त हुआ। इसके बाद, पुलिस मुख्यालय और जौनपुर की सोशल मीडिया सेल ने तुरंत मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस को वीडियो, मोबाइल नंबर और युवक की लोकेशन उपलब्ध कराई। सूचना मिलते ही, थानाध्यक्ष केके सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक ज्योति प्रकाश चौबे और कांस्टेबल अमित यादव की टीम ने बिना एक पल गंवाए युवक के घर की ओर दौड़ लगाई।

पूरा पढ़िए… 👇

पुलिस टीम समय रहते युवक के घर पहुंच गई और उसे कोई भी गलत कदम उठाने से पहले सुरक्षित बचा लिया। उप निरीक्षक ज्योति प्रकाश चौबे ने युवक की गहन काउंसलिंग की। काउंसलिंग के दौरान युवक ने बताया कि वह प्रेम प्रसंग में विफलता के कारण काफी परेशान था और इसी हताशा में उसने आत्महत्या संबंधी पोस्ट डाल दी थी। पुलिस ने युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया और भविष्य में ऐसी हरकत न करने के संबंध में उसे उचित हिदायत दी। युवक ने भी लिखित और मौखिक रूप से दोबारा ऐसी गलती न करने का बयान दिया। परिजनों ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उनका आभार व्यक्त किया।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज