वाराणसी: उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों को अब भारतीय डाक विभाग की बीमा योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को वित्तीय सुरक्षा मिल सकेगी। बनारस परिक्षेत्र के पोस्ट मास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार ने वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से मुलाकात कर इंडिया पोस्ट की विभिन्न बचत और बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। यह पहल पुलिस कर्मियों के तनावपूर्ण जीवन को देखते हुए एक बड़ा सहारा साबित होगी।

कर्नल विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बेहद तनाव में काम करते हैं, जिसके कारण वे अक्सर अपने परिवार के लिए सुरक्षित निवेश नहीं कर पाते। इसी बात को ध्यान में रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने एक नई पहल की है। अब डाक विभाग की टीमें सीधे पुलिस थानों, कार्यालयों और ट्रेनिंग सेंटरों में जाकर योजनाओं का प्रचार करेंगी। इस अभियान में डाक अधीक्षक और अन्य अधिकारी शामिल होंगे, जो कैम्प लगाकर अधिक से अधिक पुलिस कर्मियों को बीमा कवर उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
पूरा पढ़िए… 👇


कर्नल विनोद ने बताया कि यह अभियान वाराणसी के सभी उपमंडलों में शुरू किया जाएगा। डाक कर्मी अपने साथ संबंधित फॉर्म ले जाएंगे और वीडियो तथा प्रेजेंटेशन के माध्यम से पूरी जानकारी उपलब्ध कराएंगे। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने जवानों के कल्याण के लिए इस अभियान में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने भारतीय डाक विभाग की इस उत्कृष्ट सेवा कार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पहल सभी पुलिस कर्मियों को प्रेरणा देगी।
कर्नल विनोद कुमार ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत मात्र 2 रुपये सालाना के खर्च पर 2 लाख रुपये का एक्सीडेंटल डेथ और डिसेबिलिटी (दुर्घटना मृत्यु और विकलांगता) बीमा कवर मिलता है। यह सुविधा वाराणसी के सभी डाकघरों में आसानी से प्राप्त की जा सकती है। यह बीमा सुविधा प्रति माह दो रुपये से भी कम पर उपलब्ध है।
योजना का लाभ कैसे उठाएं:
* सबसे पहले पोस्ट ऑफिस में एक बचत खाता खुलवाना होगा।
* इसके बाद एक स्थायी निर्देश (Standing Instruction) देना होगा, जिससे इंडिया पोस्ट हर साल अकाउंट से 20 रुपये निकालकर बीमा कवर को निरंतरता प्रदान करता रहेगा।
* यह बीमा पॉलिसी हर साल नवीनीकृत (Renew) होती रहेगी।
कर्नल विनोद ने आगे बताया कि यदि कोई विभाग, कार्यालय, कंपनी या संस्थान अपने कर्मचारियों का इस योजना में बीमा करवाने के लिए तैयार है, तो इंडिया पोस्ट उनके कार्यालय में कैम्प आयोजित करने के लिए तैयार है। इसके लिए इच्छुक संस्थाएं डाक विभाग के अधीक्षक और बनारस कैंट स्थित परिमंडल कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।
कर्नल विनोद कुमार ने इस मुलाकात के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को इंडिया पोस्ट द्वारा जारी किए गए डाक टिकटों का एक सुंदर सेट भी भेंट किया। उनके साथ डॉ. वीरेंद्र सिंह और विपिन सिंह सहायक अधीक्षक ने भी जवानों के बीच पहुंचकर जानकारी विस्तार करने की बात कही।
Author: fastblitz24



