जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गद्दोपुर गांव में ग्राम प्रधान द्वारा ग्रामीणों की सुविधा के लिए लगवाए गए सरकारी खड़ंजे को गांव के ही एक परिवार के सदस्यों ने उखाड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि धर्मापुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम प्रधान गद्दोपुर, राधिका देवी ने 20 जून को ग्राम पंचायत के बजट से ग्रामीणों की सुविधा के लिए 14 मीटर का स्मार्ट खड़ंजा लगवाया था। खड़ंजा लगने के कुछ ही दिनों बाद, बीते 7 जुलाई को दोपहर में गांव के राम सजीवन मौर्य, शरद मौर्य और श्याम जीत ने इस 14 मीटर खड़ंजे को उखाड़ दिया।
पूरा पढ़िये 👇


उसी समय ग्राम प्रधान राधिका देवी के पति राम साहब यादव ने थाने में सूचना दी थी। तब इन लोगों ने थाने में लिखित रूप से स्वीकार किया था कि उन्होंने खड़ंजे को उखाड़ा है और इसे दोबारा लगवाने की बात भी कही थी। हालांकि, 20 दिन बीत जाने के बाद भी उखड़े हुए खड़ंजे को नहीं लगवाया गया।
इस पर, मंगलवार शाम को ग्राम प्रधान राधिका देवी के पति राम साहब यादव ने सरकारी बजट से बने खड़ंजे को उखाड़ने के आरोप में थाने में नामजद तहरीर दी। थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि प्रधान पति राम साहब यादव की तहरीर पर गद्दोपुर ग्राम सभा के राम सजीवन मौर्य, शरद मौर्य और श्याम जीत मौर्य के खिलाफ सरकारी बजट से बने खड़ंजे को उखाड़ने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Author: fastblitz24



