जौनपुर। जिले के सुजानगंज क्षेत्र में स्थित ज्ञानस्थली इंटर कॉलेज, चैनपुर, नगौली की हाईस्कूल (2018) और इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग (2022) की मान्यता को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज ने रद्द कर दिया है। यह बड़ा फैसला राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, इस संस्था को हाईस्कूल की मान्यता वर्ष 2018 से और इंटर साइंस वर्ग की मान्यता वर्ष 2022 से मिली थी। हालांकि, संयुक्त शिक्षा निदेशक, वाराणसी मंडल की जांच रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
पूरा पढ़िये 👇


सामने आईं ये प्रमुख अनियमितताएं:
* विद्यालय परिसर/भूमि का अनियमित और आपत्तिजनक उपयोग।
* इंटर कॉलेज भवन में प्राथमिक कक्षाओं का संचालन।
* शैक्षणिक मानकों की उपेक्षा।
* भूमि से संबंधित नियमों का उल्लंघन।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर माध्यमिक शिक्षा परिषद की मान्यता समिति ने 4 सितंबर 2024 को हुई बैठक में विद्यालय की मान्यता प्रत्याहित (रद्द करने) करने का प्रस्ताव पारित किया था।
राज्यपाल की स्वीकृति के बाद आदेश जारी
संबंधित जांच रिपोर्टों के आधार पर शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक 18 नवंबर 2024 को विशेष सचिव की अध्यक्षता में हुई थी। शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद 3 दिसंबर 2024 को विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गई, जो मार्च 2025 में शासन को मिली।
इन सभी तथ्यों पर गहन विचार करने के बाद, 28 जुलाई 2025 को राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई और इसके तुरंत बाद विद्यालय की हाईस्कूल और इंटर विज्ञान वर्ग की मान्यता रद्द करने का आदेश जारी कर दिया गया।
यह आदेश विशेष सचिव कृष्ण कुमार गुप्त द्वारा डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित कर जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपियां जिलाधिकारी जौनपुर, शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) लखनऊ, माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज, वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय, संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल, जिला विद्यालय निरीक्षक जौनपुर और विद्यालय प्रबंधक को सूचनार्थ और आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई हैं। इस फैसले से सुजानगंज क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रभाव पड़ने की संभावना है।
Author: fastblitz24



