जौनपुर। शाहगंज की पहचान और परंपरा का प्रतीक ऐतिहासिक विजयदशमी महोत्सव इस बार भी आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्रीरामलीला समिति शाहगंज द्वारा आयोजित इस मेले में उस समय भावुक दृश्य देखने को मिले जब अचानक हुई भारी बारिश ने माहौल को फीका करने की कोशिश की। मगर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब बारिश की परवाह किए बिना मैदान में डटा रहा। महिलाएं और बच्चे ट्रैक्टर-ट्रॉली व डीसीएम जैसे साधनों से पहुंचे, जबकि गांवों से लोग पैदल ही रामलीला मैदान तक आए। बारिश थमने के बाद रामभक्ति और भी प्रखर हो उठी। श्रद्धालु झांकियों के दर्शन करते रहे और रावण दहन तक जय श्रीराम के गगनभेदी नारों के बीच मौजूद रहे।

पूरे पूर्वांचल में ऐतिहासिक 75 फुट के रावण दहन के दौरान पूरा मैदान उत्साह और भक्ति से सराबोर हो गया। मानो आस्था ने बारिश को मात दे दी हो। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान पुलिस बल के साथ स्वयं मैदान में मौजूद रहे और केंद्रीय पंडाल समेत पूरे परिसर पर पैनी निगाह बनाए रखी।


Author: fastblitz24



