अमेरिकी विदेश विभाग ने शुक्रवार 28 नवम्बर कहा है कि वह अफगान पासपोर्ट पर यात्रा करने वाले लोगों को वीजा देने पर तत्काल रोक लगा रहा है। यह कार्रवाई नेशनल गार्ड के दो सदस्यों पर जानलेवा हमले के बाद की गई है। इसके साथ ही शुक्रवार को ही अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में शरण के लिए आवेदन पर फैसले भी रोके जा रहे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पुष्टि करते हुए बताया कि अफगान पासपोर्ट पर यात्रा करने वाले सभी लोगों के लिए वीजा जारी करना रोक दिया गया है।

रुबियो ने अपने बयान में कहा, ‘हमारे देश और हमारे लोगों की सुरक्षा से बड़ी कोई प्राथमिकता नहीं है।’ वहीं, एक अलग फैसले में देश में सभी शरण आवेदनों पर भी रोक लगा दी गई है। US सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) के निदेशक जोसेफ एडलो ने एक पोस्ट में कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जब तक हर आवेदक की ज्यादा से ज्यादा जांच और स्क्रीनिंग नहीं हो जाती, तब तक वे शरण से जुड़े आदेश जारी करना बंद कर दें।


Author: fastblitz24



