जौनपुर। जिले के चंदवक क्षेत्र में वाराणसी आजमगढ़ मार्ग स्थित गोमती पुल के पास शनिवार के दिन मुर्गों से लदा एक चार पहिया मैजिक वाहन अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में जा पलट गया, इस घटना में वाहन सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए, लेकिन जालियां टूटने से सैकड़ों की संख्या में बिखरे हुए मुर्गे को वहां मौजूद लोग उठाकर अपने घर चलें गयें। मिली जानकारी के अनुसार मैजिक वाहन आजमगढ़ से मुगलसराय दिशा में मुर्गा लादकर जा रहा था। वाहन में चालक अखिलेश गौतम, मुर्गा व्यवसायी अजीत सोनकर और विजय सोनकर सवार थे। गोमती पुल के पास अचानक आगे वाला टायर फटते ही वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन पलटने के बाद जालियां टूट गईं और बड़ी संख्या में मुर्गे सड़क पर फैलकर इधर.उधर भागने लगे। इसी दौरान आस.पास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मुर्गों को पकड़कर अपने घर ले जाने लगे, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ। व्यवसायियों का आरोप है कि ग्रामीणों ने उनके सैकड़ों की संख्या में मुर्गे लूट लिए। कुछ मुर्गों को राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोबारा जालियों में रखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त मैजिक वाहन को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।


Author: fastblitz24



