अरुणाचल प्रदेश के मंत्री ओजिंग तासिंग ने चुनाव प्रचार के दौरान यह दावा किया कि जिन पंचायत सीटों पर भाजपा हारेगी, वहां कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा. राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तासिंग ने बुधवार (3 दिसंबर) को लोअर दिबंद घाटी ज़िले में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए प्रचार के दौरान यह बात कही. मंत्री के इस भाषण की एक वीडियो क्लिप भी कथित तौर पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वे यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि मैं गोल-मोल बातें करने में विश्वास नहीं रखता. जिन पंचायत क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवार हारेंगे, वहां किसी योजना का लाभ नहीं मिलेगा.

उल्लेखनीय है कि राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव आगामी 15 दिसंबर को होने वाले हैं. भाजपा पहले ही 245 जिला परिषद सीटों में से 58 और ईटानगर नगर निगम के 20 वार्डों में से चार निर्विरोध जीत चुकी है. पंचात एवं ग्रामीण विकास मंत्री के इस बयान को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई और सत्तारूढ़ भाजपा को निशाने पर लिया है. कांग्रेस ने मंत्री की इस टिप्पणी को स्पष्ट तौर पर ‘असंवैधानिक अलोकतांत्रिक और गैरकानूनी’ बताते हुए राज्य चुनाव आयोग में तासिंग के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. कांग्रेस का कहना है कि तासिंग ने आदर्श आचार संहिता और 1951 के जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123 (अनुचित प्रभाव और धमकियों से बचाव) का खुलेआम उल्लंघन किया है.


Author: fastblitz24



