लखनऊ। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के 18वें प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर शनिवार को विराम लग गया। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए औपचारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उनके नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सर्वसम्मति से पंकज चौधरी के नाम पर मुहर लगा दी है। नामांकन फॉर्म जमा करने के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और अन्य सीनियर नेता भी मौजूद रहे।

पार्टी के घोषित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को नामांकन का दिन तय था। सुबह से ही लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में गहमागहमी का माहौल रहा। दिल्ली में मौजूद पंकज चौधरी सुबह लखनऊ पहुंचे और सीधे पार्टी मुख्यालय जाकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े तथा संगठन चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय भी मौजूद रहे।


Author: fastblitz24



