जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के थलोई गांव में पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी ने मां और बेटे को कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गांव निवासी प्रमिला तिवारी ने आरोप लगाया है कि दोपहर में उनके बेटे शिवम तिवारी को पड़ोसी हरिकेश और उसके परिवार के लोगों ने कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाया। शिवम घर के अंदर भागा, लेकिन हमलावर घर में घुस गए और उसके सिर पर वार कर दिया। बेटे को बचाने आईं प्रमिला तिवारी पर भी हमला किया गया, जिससे मां-बेटे दोनों घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर परिवार के लोग फरार हो चुके थे। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि यह जमीनी विवाद का मामला है, जिसमें पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी है। पुलिस ने घायल महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद तहरीर के आधार पर प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश जारी है।


Author: fastblitz24



