रियाद. खाड़ी के दो सबसे शक्तिशाली मुस्लिम देशों सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंचता दिख रहा है। ये दोनों ही देश पड़ोसी देश यमन में आमने-सामने हैं। सऊदी अरब ने यमन के बंदरगाह शहर मुकाला पर अलगाववादी संगठन STC के लिए यूएई से आई हथियारों की खेप को निशाना बनाकर बमबारी की है। सऊदी अरब ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। यह हमला सऊदी अरब और यूएई समर्थित ‘सदर्न ट्रांजिशनल काउंसिल’ के बीच तनाव और बढ़ने का संकेत देता है। विश्लेषकों का कहना है कि इससे रियाद और अबू धाबी के रिश्तों में भी तनाव बढ़ने का संकेत मिलता है। यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ एक दशक से जारी युद्ध में दोनों देश अलग-अलग पक्षों का समर्थन करते रहे हैं।


सऊदी अरब की सरकारी ‘सऊदी प्रेस एजेंसी’ की एक रिपोर्ट में जारी सेना के बयान के अनुसार, यह कार्रवाई तब की गई जब फुजैरा (यूएई के पूर्वी तट का एक बंदरगाह शहर) से जहाज मुकाला पहुंचे। इस बयान में कहा गया है, ‘सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए खतरा पैदा करने वाले इन हथियारों से उत्पन्न खतरे को देखते हुए ‘कोलिशन एयर फोर्सेस’ ने आज सुबह एक सीमित सैन्य अभियान चलाया और अल-मुकाला बंदरगाह पर दो पोत से उतारे गए हथियारों तथा लड़ाकू वाहनों को निशाना बनाया।’ इस मामले में यूएई की सरकार ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।


Author: fastblitz24



