Fastblitz 24

बरगुदर पुल के पास भीषण सड़क हादसे में युवक की मौत

 

जौनपुर। ग्राम पंचायत बेल्छा में बीती रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। बरगुदर पुल के पास हुए भीषण एक्सीडेंट में 35 वर्षीय युवक इश्तियाक अहमद की मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, इश्तियाक के घर में कोहराम मच गया। खुशियों से भरा घर पलभर में मातम में बदल गया।

लाल मोहम्मद के पुत्र इश्तियाक अहमद मंगलवार देर रात किसी निजी काम से बाहर गए थे। वापस लौटते समय बरगुदर पुल के पास उनका संतुलन बिगड़ गया या फिर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

इश्तियाक अपने परिवार के लिए उम्मीद की किरण थे। वे 8 भाई-बहनों (6 भाई और 2 बहन) के संयुक्त परिवार में पांचवें नंबर पर थे। परिजनों के मुताबिक, इश्तियाक लंबे समय तक सऊदी अरब में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे। करीब एक साल पहले ही वे विदेश से लौटे थे और गांव में रहकर वेल्डिंग का काम शुरू किया था, ताकि परिवार के साथ रहकर भविष्य संवार सकें।

हादसे के बाद से इश्तियाक के घर पर ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है। माता, भाई और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला। मौके पर पहुंचे पूर्व प्रधान प्रतिनिधि रवि यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “इश्तियाक बेहद मिलनसार और मेहनती युवक था। सऊदी से लौटने के बाद वह गांव की तरक्की में योगदान दे रहा था। उसका इस तरह जाना केवल एक परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति है।” बरगुदर पुल पर बार-बार हो रहे हादसों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता है। लोगों ने प्रशासन से पुल पर सुरक्षा इंतजाम और उचित कार्रवाई की मांग की है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज