जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के बलरामपुर (उसरिया) गांव में सोमवार शाम पटाखे की चिंगारी से भीषण आग लग गई। इस घटना में दो किसानों के तीन मड़हे जलकर राख हो गए। संकरे रास्ते के कारण दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं, जिसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, बलरामपुर गांव निवासी सुभाष यादव और भोला यादव ने अपने घर के सामने तीन बड़े मड़हे बना रखे थे। भोला यादव ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 3 बजे गांव के कुछ बच्चे मड़हे के पास पटाखे जला रहे थे। इन्हीं पटाखों की एक चिंगारी से मड़हे में आग लग गई, जो तेजी से फैलते हुए एक के बाद एक तीनों मड़हों को अपनी चपेट में ले लिया।


आग लगते ही आसपास के ग्रामीण और किसान बाल्टी तथा समरसेबल के पानी से आग बुझाने में जुट गए। घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी दी गई। हालांकि, घनी बस्ती और संकरे रास्तों के कारण दमकल की टीम घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई। ग्रामीणों के अथक प्रयासों से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक तीनों मड़हे और उनमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। चंदवक थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है।
Author: fastblitz24



