पूर्वांचल विवि के गोल्ड मेडलिस्ट मुज्तबा को दुबई में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी किया सम्मानित
जौनपुर | माटी के लाल मोहम्मद मुज्तबा अख़्तर रिज़वी ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर जनपद और देश का नाम रोशन किया है। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल और कुलपति प्रो. वंदना सिंह द्वारा उन्हें M.Tech. (कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग) में विश्वविद्यालय टॉपर (गोल्ड मेडलिस्ट) होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही, हाल ही में दुबई में आयोजित प्रतिष्ठित ‘इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इंफॉर्मेशन सिस्टम डिजाइन एंड इंटेलिजेंट एप्लीकेशंस (ISDIA-2026)’ में उनके उत्कृष्ट शोधपत्र के लिए उन्हें ‘बेस्ट पेपर अवार्ड’ से नवाजा गया है।
दीपफेक (Deepfake) और फर्जी आवाजों का पर्दाफाश करेगा यह शोध
मुज्तबा अख्तर का यह शोधकार्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP) के उन्नत प्रयोग पर आधारित है:
फर्जी आवाज की पहचान: शोध के माध्यम से मैनिपुलेटेड (छेड़छाड़ की गई) स्पीच और फर्जी आवाज़ों (Deepfake Audio) की सटीक पहचान करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक विकसित की जा रही है।
साइबर सुरक्षा में मील का पत्थर: यह शोध भविष्य में साइबर क्राइम नियंत्रण, डिजिटल सुरक्षा और सूचना की सत्यता सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लंदन की यूनिवर्सिटी में दे रहे सेवाएं, पिता रहे हैं विवि कर्मचारी
नगर के बलुआघाट निवासी मुज्तबा का यह शोधकार्य कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के कुशल निर्देशन में पूरा हुआ है। मुज्तबा वर्तमान में अल्स्टर यूनिवर्सिटी, लंदन (UK) में बतौर पोस्ट ग्रेजुएट रिसर्चर रिमोटली अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उनके पिता सैयद बदरुल हसन रिज़वी पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। मुज्तबा की इस शानदार सफलता पर पूरे जनपद और विश्वविद्यालय परिवार में खुशी की लहर है।




