जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में पर्यावरण विज्ञान विभाग के स्नातकोत्तर सत्र 2025-26 की छात्रा शालिनी मिश्रा को अपने प्रथम प्रयास में ही सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) से नवाजा गया। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेजर जनरल गौरव गौतम और विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी मौजूद रहीं। अतिथियों ने शालिनी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
शालिनी मिश्रा को स्वर्ण पदक मिलने की खबर से उनके गृह क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है। शालिनी, करंजाकला ब्लॉक के ग्राम परसनी (सिद्दीकपुर, जौनपुर) निवासी वरिष्ठ कवि, शायर एवं प्राथमिक शिक्षक संघ जौनपुर के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत मिश्र की भतीजी हैं। शालिनी की इस स्वर्णिम सफलता पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने एक-दूसरे को बधाई दी।
सफलता का श्रेय गुरुजनों और परिवार को
अपनी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शालिनी मिश्रा ने कहा:
“यह मुकाम हासिल करने में मेरे गुरुजनों का सही मार्गदर्शन और माता-पिता सहित परिवार के सभी बड़ों का निरंतर आशीर्वाद एवं सहयोग रहा है। मैं अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय उन्हीं को देती हूँ।”




