जौनपुर। सदर तहसील क्षेत्र के फागूपुर खास गांव की निवासी यशोदरा देवी ने जिलाधिकारी जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर अपनी भूमिधरी जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाया है। प्रार्थिनी का कहना है कि आराजी संख्या 118, 119 और 120 की वह भूमिधर हैं तथा भूमि से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जिसमें स्थगन आदेश भी प्रभावी है। आरोप है कि विवादित भूमि से जुड़े दानपत्र और मोवाहिदा के आधार पर कुछ लोगों द्वारा बिना वैध कब्जे के जमीन पर ईंट गिराकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रार्थिनी ने उबैदुल्लाह तथा भोला सोनकर पर जबरन बाउंड्रीवाल निर्माण कराने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि इससे कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। यशोदरा देवी ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, थाना सरायख्वाजा को आवश्यक निर्देश देने तथा कथित आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: यह समाचार प्रार्थिनी द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में संबंधित पक्ष का पक्ष या प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




