गर्लफ्रेंड ने की थी खुदकुशी; मां का गंभीर आरोप — अधिकारियों के पास भेजने का दबाव बनाता था नायब तहसीलदार
जौनपुर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के जौनपुर में तैनात नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता की मौत के 5 महीने बाद उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार देर रात यह कानूनी कार्रवाई की।
मामला जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित मीरगंज थाना क्षेत्र का है। आरोपी नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव वर्तमान में केराकत तहसील में कार्यरत हैं। पीड़िता ने 9 मार्च, 2026 को अपने मायके में मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर जान दे दी थी।
पीड़िता की मां का आरोप:
“नायब तहसीलदार ने शादी का झांसा देकर मेरी बेटी से संबंध बनाए, फिर अपने साथी अफसरों से संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। लगातार मिल रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर मेरी बेटी ने जान दे दी।”
शादी का झांसा देकर फंसाया और पति से अलग कराया
पीड़िता की मां द्वारा मीरगंज थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी बेटी की शादी वर्ष 2014 में बरसठी क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसकी एक 10 साल की बेटी भी है। पीड़िता का पति सूरत में नौकरी करता था। वर्ष 2024 में पीड़िता अपनी बच्ची के साथ सुल्तानपुर में किराए का मकान लेकर रहने लगी।
सुल्तानपुर में प्रवास के दौरान उसकी मुलाकात गोरा बारीक गांव निवासी विवेक श्रीवास्तव से हुई, जो उस समय राजस्व विभाग में कानूनगो के पद पर तैनात था। बाद में विवेक का प्रमोशन नायब तहसीलदार के पद पर हो गया। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और विवेक का कमरे पर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और पति से संबंध खराब करने के लिए उकसाया।
अदालत में दाखिल कराया तलाक का केस, फिर शुरू हुआ टॉर्चर
मां का आरोप है कि विवेक के कहने पर ही पीड़िता ने करीब डेढ़ साल पहले पति से तलाक के लिए कोर्ट में केस दाखिल किया था। उस समय विवेक अविवाहित था।
करीब एक साल पहले विवेक का स्थानांतरण जौनपुर जिले के मछलीशहर में नायब तहसीलदार के पद पर हो गया। पीड़िता हर 15-20 दिन में उससे मिलने जाती थी। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन बाद में विवेक ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वह घुमाने के बहाने ले जाकर उसके अश्लील वीडियो बना लेता था।
आरोप के मुताबिक, विवेक तहसील में तैनात अपने साथी अधिकारियों से भी संबंध बनाने का दबाव डालता था। इनकार करने पर मारपीट करता और जान से मारने की धमकी देता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर 9 मार्च, 2026 को पीड़िता ने सुसाइड कर लिया।




