सरकार ने जनता की सेवा के लिए बैठाया, पर अधिकारियों का ‘रसूख’ पड़ा भारी;
वायरल वीडियो ने खोली पोल (Fastblitz24 नहीं करता पुष्टि), संतोष सिंह पर FIR दर्ज
(न्यूज़ डेस्क)
तेजीबाज़ार (जौनपुर):
सरकारी व्यवस्थाओं में बैठे जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों का रवैया जनता के लिए राहत की जगह आफत बनता जा रहा है। सरकार जिन्हें आम नागरिकों की सुविधा और सेवा के लिए नियुक्त करती है, उनका ही अहंकार और रुतबा अब जनता को लहूलुहान कर रहा है। ताजा मामला तेजीबाज़ार थाना क्षेत्र के हैदरपुर सहकारी समिति का है, जहाँ खाद लेने पहुँचे एक लाचार किसान को हक माँगने पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया।
क्या है पूरा मामला?
शेखपुरा गांव निवासी भारत विश्वकर्मा (पुत्र रामचन्दर) सोमवार को हैदरपुर सहकारी समिति पर खाद खरीदने गए थे। भारत विश्वकर्मा का आरोप है कि उन्हें जो खाद की बोरी दी गई, वह फटी हुई थी। जब उन्होंने बेहद शालीनता से फटी बोरी बदलकर दूसरी सही बोरी देने की मांग की, तो जिम्मेदार पद पर बैठे हैदरपुर निवासी संतोष सिंह आपे से बाहर हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि आक्रोशित होकर संतोष सिंह ने उन्हें लाठी-डंडों और लात-घूंसों से अधमरा कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हैवानियत का आलम यह था कि आरोपी ने पीड़ित किसान पर फर्राटा पंखा उठाकर जानलेवा हमला करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ ने बीच-बचाव कर किसी तरह किसान की जान बचाई। जाते-जाते आरोपी ने गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट का वीडियो वायरल
इस पूरी गुंडागर्दी और मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। हालांकि, Fastblitz24 इस वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है। लेकिन यह घटना साफ दर्शाती है कि कैसे खाद केंद्रों पर किसानों को सहूलियत देने के बजाय उनके साथ बदसलूकी और अत्याचार किया जा रहा है।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
घटना के बाद खून से लथपथ पीड़ित भारत विश्वकर्मा ने तेजीबाज़ार थाने पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल ने बताया कि पीड़ित किसान की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी संतोष सिंह (निवासी हैदरपुर) के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है।




