प्रभारी सरपतहां ने मातहतों के साथ की बैठक, व्यक्तिगत और सेवा संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान करने का दिया आश्वासन
जौनपुर । जनपद के पुलिसकर्मियों की सेवा संबंधी और व्यक्तिगत समस्याओं को अब लंबे समय तक अटका कर नहीं रखा जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कुंवर अनुपम सिंह के कड़े रुख के बाद पुलिस महकमे में पारदर्शिता और त्वरित समाधान के लिए ‘पुलिस ग्रीवांस रिड्रेसल यूनिट’ (PGRU) को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। इसी क्रम में सरपतहां थाना परिसर में प्रभारी द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
समस्याएं सुनीं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने उपस्थित जवानों व अधिकारियों की एक-एक कर व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने मातहतों को भरोसा दिलाया कि उनकी वाजिब मांगों और शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
PGRU की कार्यप्रणाली से कराया अवगत
बैठक में पुलिसकर्मियों को PGRU की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। थाना प्रभारी ने बताया कि:
यूनिट का मुख्य उद्देश्य पुलिस महकमे के भीतर शिकायतों का पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है।
उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा।
जवानों की समस्याओं को समय-सीमा के भीतर हल कर उन्हें राहत दी जाएगी, ताकि वे तनावमुक्त होकर अपनी ड्यूटी निभा सकें।




