आगरा। स्वाधीनता दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह आगरा रिटेल कैमिस्ट एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूर्ण देशभक्ति, गरिमा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान आगरा मंडल कार्यकारिणी के सम्मानित सदस्यों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों के बीच झंडारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण समारोह के पश्चात आयोजित सभा में एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्था ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए आगरा को पूरी तरह ‘ड्रग मुक्त’ (नशा मुक्त) बनाने की ऐतिहासिक शपथ ली।
मंडल कार्यकारिणी ने की शिरकत
समारोह में संस्था के अध्यक्ष डॉ. आशीष ब्रह्मभट्ट, महामंत्री राजीव शर्मा, संस्थापक श्याम तिवारी, कोषाध्यक्ष सतीश पाठक, सुशील पटेल और वीरू भाई मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने नशाखोरी के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने और दवा व्यवसाय में पारदर्शिता व सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
सामाजिक प्रतिबद्धता पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का अवसर है। आगरा को नशा मुक्त बनाना कैमिस्ट एसोसिएशन की प्राथमिकता रहेगी, ताकि युवा पीढ़ी को सही दिशा दी जा सके। ध्वजारोहण के बाद सभी उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और मिठाई का वितरण किया।




