रसूलपुर में सजी ‘तबेला बाबा दौड़ प्रतियोगिता’ — बनारस की ज्योति ने महिला वर्ग में हासिल किया पहला स्थान
रसूलपुर का तबेला मैदान रविवार को धावकों के जोश और दर्शकों की तालियों से गूंज उठा। पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों से पहुंचे युवा एथलीटों ने जब ट्रैक पर रफ्तार भरी, तो मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक हो गया।
जौनपुर | खुटहन क्षेत्र के रसूलपुर स्थित तबेला मैदान में रविवार को ‘तबेला बाबा दौड़ प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। स्पर्धा में विभिन्न जिलों से आए धावकों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान 5 किलोमीटर, 3 किलोमीटर और महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ कराई गई।
5 KM दौड़: यूपी पुलिस के जवान ने मारी बाजी
5 किलोमीटर दौड़ में मड़ियाहूं के रहने वाले और यूपी पुलिस में तैनात विशाल यादव ने पहला स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि पूर्व आईआरएस संजीव यादव ने विजेता विशाल को साइकिल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ ही आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
3 KM व महिला श्रेणी के परिणाम
3 किलोमीटर पुरुष दौड़: साहिबगंज के प्रिंस यादव ने पहला, बनारस के विक्की पटेल ने दूसरा और मऊ के सागर कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।
1500 मीटर महिला दौड़: बनारस की ज्योति पहले स्थान पर रहीं। वहीं खुशबू ने दूसरा और आजमगढ़ की मुस्कान ने तीसरा स्थान हासिल किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच
समापन समारोह में सपा नेता डॉ. सूर्यभान यादव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच देते हैं। उन्होंने युवाओं को खेल के साथ पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।
इस दौरान अखंड प्रताप यादव, उदयभान मौर्या, किशन और विकास यादव मौजूद रहे। आयोजन समिति के अनुज, आलोक, शिवम, जयप्रकाश और विपिन ने सभी अतिथियों का आभार जताया।




