प्रदेश में 4 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल, 3 दवा कंपनियां 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट
मेडिकल सप्लाइज कॉर्पोरेशन ने सिप्रोफ्लॉक्सॉसिन समेत 4 दवाओं की सप्लाई पर लगाई रोक; ड्रग वेयरहाउस से सभी संदिग्ध बैच वापस मंगाने के दिए निर्देश
सावधान! अगर आप या आपके परिजन इलाज करा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है!
उत्तर प्रदेश में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाली 4 दवाएं लैब टेस्ट में फेल हो चुकी हैं और 3 दवा कंपनियों पर बैन लगा दिया गया है। जानिए कहीं आपके मेडिकल स्टोर से खरीदी गई दवा भी इस ब्लैकलिस्टेड लिस्ट में शामिल तो नहीं?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कॉर्पोरेशन द्वारा खरीदी गई चार दवाएं लैब टेस्ट में मानकों पर खरी नहीं उतरी हैं। गुणवत्ता जांच में फेल होने के बाद कॉर्पोरेशन ने कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित तीन निर्माता कंपनियों को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी ड्रग वेयरहाउस से इन दवाओं को तुरंत वापस मंगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
ये 4 दवाएं जांच में पाई गईं घटिया
जांच रिपोर्ट में निम्नलिखित दवाएं अमानक (फेल) पाई गईं:
- एथैम्सिलेट 500 एमजी (Ethamsylate 500mg)
- इबुप्रोफेन (Ibuprofen)
- सिप्रोफ्लॉक्सॉसिन हाइड्रोक्लोराइड 500 एमजी (Ciprofloxacin Hydrochloride 500mg)
- क्लोट्रिमेजोल (Clotrimazole)
सिप्रोफ्लॉक्सॉसिन के 16 बैच फेल
सरकारी अस्पतालों में आपूर्ति से पहले कराई गई गुणवत्ता जांच में मेरठ की डैफोडिल्स फार्मास्युटिकल्स की एथैम्सिलेट (बैच नंबर डीटीडी-034, डीटीडी-078, डीटीडी-075) और इबुप्रोफेन (बैच नंबर डीटीएफ-226, डीटीएफ-227) मानकों पर खरी नहीं उतरीं।
इसके अलावा, मध्य प्रदेश की सुपर फार्मुलेशन की क्लोट्रिमेजोल और राजस्थान की विवेक फार्मकैम इंडिया की सिप्रोफ्लॉक्सॉसिन भी गुणवत्ता टेस्ट में फेल हो गई। राजस्थान की कंपनी की सिप्रोफ्लॉक्सॉसिन दवा के कुल 16 बैच फेल पाए गए हैं।
ड्रग वेयरहाउस से दवाएं वापस लौटाने के आदेश
उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कॉर्पोरेशन प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों के लिए दवाएं खरीदकर अलग-अलग जिलों के ड्रग वेयरहाउस में भेजता है। कॉर्पोरेशन ने स्पष्ट किया है कि अस्पतालों में सप्लाई पहुंचने से पहले ही जांच में यह गड़बड़ी पकड़ में आ गई, जिसके बाद सभी प्रभावित बैच को तत्काल प्रभाव से वापस मंगाने और संबंधित कंपनियों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग की सख्त कार्रवाई की गई है।




