इस्लामाबाद. पाकिस्तान में 25 दिसंबर को मोहम्मद अली जिन्ना की 149वीं जयंती मनाई गई है। इस दौरान देशभर के नेताओं ने जिन्ना को याद किया और अलग पाकिस्तान बनाने के लिए उनका धन्यवाद किया। वहीं दूसरी ओर बलूचिस्तान के नेता ने जिन्ना को शैतान कहकर याद किया है क्योंकि उनक वजह से उनका प्रांत पाकिस्तान का हिस्सा बना। लंबे समय से बलूचिस्तान को अलग देश बनाने की लड़ाई लड़ रहे मीर यार बलूच ने कहा है कि जिन्ना एक शैतान और धोखेबाज था, जिसने 27 मार्च 1948 को बलूचिस्तान पर हमला किया।

मीर यार बलूच ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में जिन्ना की तस्वीर पर शैतान लिखकर शेयर किया है। मीर इस पोस्ट में लिखते हैं, ’25 दिसंबर 1876 को इस दुनिया में एक शैतान पैदा हुआ था, जिसका नाम मोहम्मद अली जिन्ना था और जिसके पूर्वज पूंजा से थे। वह बलूचिस्तान के कलात के खान, अहमद यार खान का कर्मचारी और वकील था। उसने ब्रिटेन में बलूचिस्तान के कानूनी प्रतिनिधि के तौर पर काम किया। उसने बलूचिस्तान के साथ गद्दारी की और 27 मार्च 1948 को मिलिट्री हमला करके आजाद बलूचिस्तान पर गैर-कानूनी कब्जा किया।’


Author: fastblitz24



