ड्यूटी के दौरान हुई घटना, सरकार ने दिए जांच के आदेश और ₹30 लाख मुआवजे की घोषणा
नई दिल्ली। शिवमोगा (कर्नाटक) के त्यावरेकोप्पा लायन एंड टाइगर सफारी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक ट्रेनी महिला पशु चिकित्सक की दरियाई घोड़े के हमले में मौत हो गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय डॉ. समीक्षा रेड्डी के रूप में हुई है, जो हाल ही में यहां अपनी सेवाएं शुरू की थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार रात 19 मार्च 2026 को लगभग 11:45 बजे हुआ। डॉ. समीक्षा रेड्डी एक बीमार की निगरानी के लिए अस्पताल पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने “हंसिनी” नामक एक गर्भवती मादा दरियाई घोड़े का तापमान जांचने के लिए उसके बाड़े में प्रवेश किया।


बताया जा रहा है कि जब वह थर्मल कैमरे से जांच कर रही थीं, तभी दरियाई घोड़े ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके शरीर के अंदरूनी अंगों, विशेषकर लिवर और फेफड़ों को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
इस घटना पर कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने मृतका के परिजनों को ₹30 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है। साथ ही, वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जंगली जानवरों के इलाज के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों (SOP) का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
डॉ. समीक्षा रेड्डी बेंगलुरु की निवासी थीं और उन्होंने फरवरी 2026 में ही शिवमोगा चिड़ियाघर में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। उनके असामयिक निधन से पूरे विभाग में शोक की लहर है।


Author: fastblitz24



