Fastblitz 24

बाबासाहब का नारा ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो’ आज भी प्रासंगिक

 सपा ने संकल्प दिवस के रूप में मनाई जयंती

जौनपुर | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मंगलवार को जौनपुर ज़िला कार्यालय पर संविधान निर्माता भारत रत्न बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। सपा कार्यकर्ताओं ने इसे ‘समता, समानता एवं ज्ञान दिवस’ के रूप में मनाते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

अंबेडकर पार्क में गूंजे ‘जय भीम’ के नारे

​कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे ज़िलाध्यक्ष राकेश मौर्य के नेतृत्व में हुई। बड़ी संख्या में सपाई ज़िलाधिकारी आवास के पास स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचे। वहां बाबासाहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “बाबा तेरा मिशन अधूरा-पीडीए समाज करेगा पूरा” और “जय भीम” के नारों से परिसर को गुंजायमान कर दिया।

​’संविधान बचाने के लिए PDA निभाएगा बड़ी भूमिका’

​ज़िला कार्यालय पर आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए राकेश मौर्य ने कहा कि बाबासाहब ने शोषितों और वंचितों को ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ का मूलमंत्र दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सामंती सरकार संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। मौर्य ने कहा, “अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज बाबासाहब के मिशन को पूरा करेगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।”

​गोष्ठी में जुटे दिग्गज, दिवंगत कार्यकर्ता को दी श्रद्धांजलि

​विचार गोष्ठी का संचालन ज़िला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। कार्यक्रम को पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान, प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह, सुशील दुबे और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश अहीर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।

शोक की लहर: कार्यक्रम के अंत में एक दुखद खबर पर शोक व्यक्त किया गया। मेंहरावाँ सेक्टर प्रभारी राजबहादुर यादव (निवासी संदहां) के बिजली के करंट से हुए आकस्मिक निधन पर सपाइयों ने गहरा दुख जताया। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

​ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित:

​गोष्ठी में मुख्य रूप से लालचंद यादव, शकील अहमद, श्यामबहादुर पाल, हीरालाल विश्वकर्मा, ऊषा जायसवाल, डॉ. शबनम नाज़, मालती निषाद, अजय मौर्य, शकील मंसूरी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज