Fastblitz 24

जौनपुर में मौत का तांडव: अज्ञात वाहन ने छात्रा को रौंदा, कार की टक्कर से अधेड़ ने तोड़ा दम

जौनपुर (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। पहली घटना में एक होनहार छात्रा काल के गाल में समा गई, तो दूसरी घटना में एक तेज रफ्तार कार ने एक व्यक्ति की जान ले ली। दोनों ही घटनाओं से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

बाजार से सामान लेने जा रही ज्योति को अज्ञात वाहन ने कुचला

​पहला दर्दनाक हादसा जफराबाद थाना क्षेत्र के गोधना बाईपास पर शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भुवालापट्टी निवासी हरिनाथ पटेल की 18 वर्षीय पुत्री ज्योति पटेल अपनी साइकिल से बाजार सामान लेने जा रही थी। जैसे ही वह गोधना हाईवे पार करने लगी, तभी एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

​टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल के परखच्चे उड़ गए और ज्योति लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

घर के बाहर खड़े अधेड़ के लिए ‘काल’ बनकर आई तेज रफ्तार कार

​वहीं, दूसरा हादसा सुजानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर कला गांव में हुआ। गुरुवार शाम करीब 7 बजे शेषमणि प्रजापति (48 वर्ष) अपने घर के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बलेनो कार ने उन्हें इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे।

चश्मदीदों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घायल को संभलने तक का मौका नहीं मिला। परिजन उन्हें लेकर कई डॉक्टरों के पास भागे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

 

पुलिस की कार्रवाई

​दोनों ही मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जफराबाद और सुजानगंज पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषी चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक ही दिन में दो मौतों से जिले के यातायात सुरक्षा प्रबंधों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज