जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल ने मनाया शहीद दिवस; मुक्तीगंज के वीर सपूत स्व. अशोक राय की शहादत को किया नमन
‘लाठी-गोली खाकर व्यापार जगत के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान, हमेशा ऋणी रहेगा समाज’
जौनपुर (ब्यूरो)। जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा व्यापारिक आंदोलनों में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर व्यापारियों की स्मृति में गल्ला मंडी स्थित जिला कैंप कार्यालय पर ‘शहीद दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और व्यापारियों ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में व्यापार जगत की उन्नति में योगदान देने वाले वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान भी किया गया।

26 मई को हर साल मनाया जाता है शहीद दिवस
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के आह्वान पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की स्थापना से लेकर आज तक विभिन्न आंदोलनों में लाठी-गोली खाने वाले और शहीद होने वाले व्यापारियों की स्मृति में हर साल 26 मई को ‘शहीद दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ व्यापारी व जिला संरक्षक राजदेव यादव ने कहा:


”व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करना व्यापार जगत का सर्वोच्च बलिदान है। संगठन और पूरा व्यापारी समाज इन वीर सपूतों का हमेशा ऋणी रहेगा।”
आंदोलनों में अब तक 14 व्यापारी हुए शहीद, जौनपुर के अशोक राय ने भी दिया था बलिदान
नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने इतिहास को रेखांकित करते हुए बताया कि व्यापारियों के हक की लड़ाई लड़ते-लड़ते देश में कुल 14 व्यापारी शहीद हुए हैं, जिन्हें आज पूरे प्रदेश के हर जिले में याद किया जा रहा है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि इसमें जौनपुर जनपद के मुक्तीगंज निवासी स्व. अशोक राय जी भी शामिल थे, जो 14 सितंबर 1993 को व्यापारियों की लड़ाई लड़ते हुए शहीद हो गए थे।
प्रदेश मंत्री महेन्द्र सोनकर तथा प्रदेश युवा कोषाध्यक्ष संतोष अग्रहरि ने संयुक्त रूप से कहा कि अपने साथियों की शहादत को नमन करना हमारा कर्तव्य है, जिन्होंने व्यापारी समाज के सुरक्षित भविष्य के लिए अपने प्राण निछावर कर दिए।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस गरिमामयी कार्यक्रम का कुशल संचालन नगर उपाध्यक्ष हफीज शाह ने किया। कार्यक्रम के अंत में नगर महामंत्री मुन्ना लाल अग्रहरि ने सभी आगंतुकों व व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला महामंत्री रामकुमार साहू, नगर महामंत्री मुन्नालाल अग्रहरि, मनोज कुमार साहू, संजय केडिया, अमर जौहरी, मधुसूदन बैंकर, अनिल कुमार वर्मा, विजय गुप्ता, संतोष कुमार साहू, गुलजारीलाल गुप्ता, ज्ञानेंद्र साहू, सुनील जायसवाल, डी.के. अग्रवाल, राकेश जायसवाल, मंगला प्रसाद साहू, शाहिद मंसूरी, दाऊ जी और चंदन सेठ सहित भारी संख्या में पदाधिकारी व व्यापारी उपस्थित रहे।
Author: fastblitz24



