Fastblitz 24

जौनपुर में बकरीद को लेकर अलर्ट: SSP और DM ने संभाली कमान, सड़कों पर उतरा भारी पुलिस बल

सुरक्षा का चक्रव्यूह: पूरे जनपद को ७ सुपर जोन और २८ जोन में बांटा गया, मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीमें रहेंगी तैनात

सौहार्द की अपील: थाना और तहसील स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें पूरी, फ्लैग मार्च कर जनता को दिलाया सुरक्षा का भरोसा

अफवाहबाजों पर शिकंजा: सोशल मीडिया और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर, शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

ब्यूरो, जौनपुर आगामी बकरीद पर्व को लेकर जौनपुर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने खुद मोर्चे पर उतरकर कमान संभाली। आलाधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने आम जनता और व्यापारियों से सीधा संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

7 सुपर जोन और 28 जोन में बंटा पूरा जिला

​सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर पूरे जनपद को सुरक्षा की दृष्टि से ७ सुपर जोन और २८ जोन में विभाजित किया गया है। इन सभी जोन में पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर पैनी नजर रखेंगी।

समय से पूरी की गईं पीस कमेटी की बैठकें

​एसएसपी ने बताया कि शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए थाना स्तर से लेकर सर्किल और तहसील स्तर तक पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठकें समय रहते संपन्न करा ली गई हैं। इन बैठकों के माध्यम से स्थानीय गणमान्य लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद कर त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने की रूपरेखा तैयार की गई है।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी सख्त नजर

​फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने जनता से अपील की कि वे किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। इसके साथ ही मातहतों को निर्देशित किया गया है कि यदि कोई भी असमाजिक तत्व शांति व्यवस्था को भंग करने या अफवाह फैलाने की कोशिश करे, तो उसके खिलाफ तत्काल और सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाए। प्रशासन ने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया है।

 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज