Fastblitz 24

भाजपा का जनविरोधी चेहरा बेनकाब: नौकरियों में PDA का हक मार रही सरकार, सपा जिलाध्यक्ष का बड़ा हमला

बुकलेट जारी कर खोली धांधली की पोल; ‘संविधान और आरक्षण दोनों खतरे में’, जनआंदोलन की तैयारी में जौनपुर सपा

  • 22 परीक्षाओं में 11,514 सीटें गायब; बाबासाहब के संविधान और युवाओं के भविष्य पर सीधा प्रहार

जौनपुर

          समाजवादी पार्टी के जौनपुर जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) आरक्षण घोटाला वास्तव में पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के संविधान प्रदत्त अधिकारों की सरकारी लूट है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाबासाहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान इस देश का आधार है और आरक्षण पीडीए समाज की समता, समानता तथा संपन्नता का मुख्य औजार है।

​नगर के होटल रिवर व्यू में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से पीडीए समाज के युवाओं, बेटे-बेटियों और बहुओं से उनका संवैधानिक हक छीन रही है। उन्होंने कहा कि बाबासाहब के इस बराबरी के औजार को धीरे-धीरे कमजोर किया जा रहा है, जिसका समाजवादी पार्टी प्रमाणों के साथ पर्दाफाश कर रही है।

​22 परीक्षाओं में 11,514 से अधिक सीटों की लूट का आरोप

​सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने प्रेस वार्ता के दौरान एक बुकलेट जारी करते हुए सिलसिलेवार तरीके से आंकड़ों को मीडिया के सामने रखा। उन्होंने कहा कि कुल 22 सरकारी परीक्षाओं में पीडीए समाज के लिए आरक्षित 11,514 से अधिक सीटों की लूट की गई है।

विभिन्न भर्तियों में सीटों की कटौती का ब्योरा:

  • 69 हजार शिक्षक भर्ती: 7,933 से ज्यादा सीटें
  • लेखपाल भर्ती: 960 सीटें
  • एडेड जूनियर हाई स्कूल मास्टर/हेड मास्टर भर्ती: 547 सीटें
  • UPSSSC कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती: 434 और 588 पद
  • UPSSSC कनिष्ठ सहायक/लिपिक भर्ती: 300 सीटें
  • ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती: 232 सीटें
  • अन्य भर्तियां: वन रक्षक (88), पशु चिकित्सक (81), स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (55), चिकित्सा अधिकारी आयुर्वेद (54), नेत्र परीक्षण अधिकारी (47), प्रवर्तन कांस्टेबल (34) सहित कई अन्य विभागों में बड़े पैमाने पर आरक्षित पदों की लूट हुई है।

​राकेश मौर्य ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ इस बात का सीधा प्रमाण है कि देश में संविधान और आरक्षण दोनों ही खतरे में हैं। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और भाजपा सरकार के इस विरोधी चेहरे को बेनकाब करेगी।

​5 जून को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन

​प्रेस वार्ता में घोषणा की गई कि आरक्षण घोटाले के साथ-साथ पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में बेतहाशा वृद्धि, भयंकर बिजली कटौती, चरमराती कानून व्यवस्था और फेक एनकाउंटर जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी आगामी 5 जून को जिला मुख्यालय पर एक विशाल धरना प्रदर्शन करने जा रही है।

ये रहे उपस्थित

इस प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक लकी यादव, विधायक पंकज पटेल, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, श्रद्धा यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री संगीता यादव, जिला महासचिव आरिफ हबीब, पूर्व प्रत्याशी संजय सरोज, वरिष्ठ नेता दीपचंद राम, जिला उपाध्यक्ष हीरालाल विश्वकर्मा, गामा सोनकर, प्रेमशंकर यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और युवा नेता मौजूद रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज