Fastblitz 24

जौनपुर मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मेले का भव्य आगाज़, राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने किया शुभारम्भ

​* केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर शुरू

​* आयुष्मान भारत और जन औषधि जैसी योजनाओं से गरीबों को मिल रहा है नया जीवन: खेल मंत्री

​* डॉक्टरों की समर्पित सेवा ही उन्हें समाज में भगवान का दूसरा रूप बनाती है: गिरीश चन्द्र यादव

जौनपुर (ब्यूरो ): केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्थानीय मेडिकल कॉलेज, जौनपुर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले (14 जून से 16 जून, 2026) का भव्य आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री गिरीश चन्द्र यादव ने फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

​इस ऐतिहासिक अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया और स्वास्थ्य शिविर की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

​गोद लिए गांवों में घर-घर जाकर जाँच कर रहे हैं MBBS छात्र

​प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने बताया कि कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा डाल्हनपुर, सिद्दीकपुर, खम्हौरा, जगदीशपुर, सैदपुर गड़उर एवं कोठवार सहित कई गांवों को गोद लिया गया है। इन गांवों में मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र समय-समय पर घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हैं और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान करते हैं। इसके साथ ही मौके पर शुगर, रक्तचाप एवं अन्य आवश्यक जांचों की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे संचालित हैं। शीघ्र ही रेडियोलॉजी विशेषज्ञ की नियुक्ति होने वाली है तथा वर्ष के अंत तक अस्पताल में आईपीडी (IPD) सेवाएं प्रारंभ करने का लक्ष्य है।

​मोदी सरकार की योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित: खेल मंत्री

​समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग भी बड़े अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त कर पा रहा है।

​”डॉक्टरों की समर्पित सेवा ही समाज में उन्हें भगवान का दूसरा रूप कहलाने का आधार प्रदान करती है। जौनपुर मेडिकल कालेज के विकास एवं सुविधाओं के विस्तार हेतु हमारी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।”

श्री गिरीश चन्द्र यादव, राज्य मंत्री

 

​मंत्री ने खुद कराया ईएनटी विभाग में स्वास्थ्य परीक्षण

​मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.ए. जाफरी के अनुरोध पर कार्यक्रम के उपरांत माननीय मंत्री ने अस्पताल का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनसे सीधा संवाद कर चिकित्सकों की उपलब्धता व मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।

​निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री खुद नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग में पहुंचे और अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने वहां तैनात चिकित्सक डॉ. राजश्री यादव से परामर्श प्राप्त किया और उनकी सेवाभावना एवं कार्यनिष्ठा की जमकर सराहना की।

​कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

​इस जनकल्याण शिविर को सफल बनाने में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागध्यक्ष डा. अनुज सिंह तथा चिकित्सा शिक्षक डा. मुदित चौहान, डा. नवीन सिंह, डा. पूजा पाठक, डा. अनिल कुमार सहित समस्त स्टाफ का सक्रिय योगदान रहा।

​इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य प्रो. आशीष यादव, डीन अकादमी प्रो. तबस्सुम यासमिन, डा. जितेन्द्र कुमार, डा. चन्द्रभान, डा. संजीव यादव, डा. आनन्द सिंह, डा. श्वेता सिंह, डा. दीपिका शाव, डा. प्रतिभा सिंह, डा. अवधेश गुप्ता, डा. फरहत फातिमा, डा. पंकज कुमार, डा. संदीप सिंह सहित भारी संख्या में मरीज एवं उनके तीमारदार उपस्थित रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज