Fastblitz 24

मोबाइल टावर पर हाईवोल्टेज ड्रामा: सुसाइड की धमकी देने वाला सतीश यादव गिरफ्तार

अधिकारियों की समझाइश भी रही बेअसर, सरकारी कार्य में बाधा डालने पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, भेजा जेल

जौनपुर (ब्यूरो)   थाना खुटहन क्षेत्र के ग्राम शेखअशरफपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मामूली बात पर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। घंटों चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और आत्महत्या की धमकी देने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

समझाने पहुंचे अधिकारियों को भी दी धमकी

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेखअसरफपुर निवासी सतीश यादव पुत्र अभयराज यादव अचानक गांव में स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आला अधिकारी प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे।

​प्रशासनिक अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक को समझाने-बुझाने और नीचे उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन सिरफिरे युवक ने किसी की एक न सुनी। आरोपी ने न सिर्फ अधिकारियों की बात मानने से इनकार कर दिया, बल्कि मौके पर मौजूद सरकारी कर्मचारियों को भी अंजाम भुगतने की धमकी दी।

लेखपाल व पंचायत अधिकारी की तहरीर पर एक्शन

​युवक की इस हरकत के कारण मौके पर घंटों तक सरकारी कार्य पूरी तरह ठप रहा और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हुई। इसके बाद उपजिलाधिकारी (SDM) के निर्देश पर सजगता दिखाते हुए क्षेत्रीय लेखपाल और पंचायत अधिकारी ने संयुक्त रूप से थाना खुटहन में लिखित प्रार्थना पत्र दिया।

​प्रशासन से हरी झंडी मिलते ही खुटहन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सतीश यादव के खिलाफ मु0अ0सं0-172/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 224, 226 और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

कार्रवाई करने वाली जांबाज पुलिस टीम

​इस संवेदनशील मामले को सूझबूझ से संभालने और आरोपी को दबोचने में खुटहन पुलिस के इन अधिकारियों की मुख्य भूमिका रही:

  • श्री दिनेश कुमार सिंह (प्रभारी निरीक्षक, थाना खुटहन)
  • श्री महेन्द्र यादव (उपनिरीक्षक)
  • दिनेश यादव (हेड कांस्टेबल)
  • मोहित वर्मा (रिक्रूट कांस्टेबल)
fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज