भंडारी शीतला चौकिया मार्ग का होगा चौड़ीकरण, मियापुर में बनेगी इंटरलॉकिंग; जौनपुर को बनाएंगे विकास का मॉडल

जौनपुर।
उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व सदर विधायक गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार सुबह अपनी विधानसभा के शहरी क्षेत्र को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मंत्री ने कुल ₹3.29 करोड़ की अनुमानित लागत वाली दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता हर गांव को पक्की सड़क और हर युवा को रोजगार देना है।

₹3.17 करोड़ से चमकेगी भंडारी-शीतला चौकिया रोड, मियापुर को भी मिली राहत
शिलान्यास कार्यक्रम के तहत दो प्रमुख विकास कार्य कराए जाएंगे:


- लखनपुर मार्ग का चौड़ीकरण: भंडारी शीतला चौकिया मार्ग से लखनपुर होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस पर अकेले ₹3.17 करोड़ खर्च होंगे।
- मियापुर में इंटरलॉकिंग: मोहल्ला मियापुर में रणजीत सिंह के मकान से टोले मौर्या होते हुए राम लखन बिंद के मकान तक ₹12.36 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा।
”सड़क सिर्फ गिट्टी-पत्थर नहीं, अस्पताल और स्कूल पहुंचने का रास्ता है”
समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जौनपुर विकास के नए आयाम छू रहा है। आज जिन सड़कों का शिलान्यास हुआ है, वो केवल ईंट-गिट्टी का ढांचा नहीं हैं, बल्कि ये किसानों की मंडी, छात्रों के स्कूल-कॉलेज और मरीजों के अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचने का रास्ता हैं।”
जाम से मिलेगी मुक्ति: ओवरब्रिज और रिंग रोड बदलेंगे जौनपुर की सूरत
मंत्री ने शहर की सबसे बड़ी समस्या ‘रेलवे जाम’ का जिक्र करते हुए कहा कि जौनपुर चारों तरफ से रेल लाइनों से घिरा है। वर्षों से यहां के लोग जाम से जूझ रहे थे, जिससे व्यापार चौपट हो रहा था। अब बनारस रोड (जगदीशपुर) और प्रयागराज रोड (नईगंज) पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण शुरू हो चुका है। शाहगंज रोड लखनपुर पर भी जल्द ही डबल रेलवे ओवरब्रिज का काम शुरू होगा। इसके अलावा गोमती नदी पर 3 पक्के पुल, केंद्रीय विद्यालय, रिंग रोड और घाटों का सौंदर्यीकरण जौनपुर को नई पहचान दे रहे हैं।
पूर्व विधायक का दावा: 9 साल में हुए ₹10,000 करोड़ के काम
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने मंत्री के कामकाज की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रयासों से जौनपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में करीब ₹10,000 करोड़ के विकास कार्य पूरे कराए जा चुके हैं। आज जिले का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से अछूता नहीं है।
शिलान्यास के मौके पर ये रहे मौजूद
इस विकास उत्सव के दौरान भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह, प्रदीप तिवारी, नंदलाल यादव, सुभाष सिंह, डॉ. पी.के. संतोषी, आशीष गुप्ता, विकास शर्मा, कमलेश निषाद, विपिन सिंह, जटाशंकर त्रिपाठी, धर्मपाल कनौजिया, अरविंद सिंह, देवेंद्र सिंह, सुभाष मौर्य और सुरेंद्र मौर्य ‘भग्गू’ सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Author: fastblitz24


