खाकी को ललकारना पड़ा भारी

सरपतहा (जौनपुर)। जौनपुर पुलिस ने अपराध के गलियारों में खौफ का दूसरा नाम बन चुके अंतरजनपदीय गो-तस्कर और शातिर अपराधी पंकज यादव को एनकाउंटर में धूल चटा दी है। पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर भागने की कोशिश करने वाले इस कुख्यात बदमाश के पैर में पुलिस की गोली लगी है। पंकज का आपराधिक इतिहास केवल जौनपुर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह गो-तस्करी और लूट जैसे जघन्य अपराधों की एक लंबी फेहरिस्त के साथ प्रदेश के कई जनपदों का सिरदर्द बना हुआ था।

खाकी को ललकारना पड़ा भारी
घटना सरपतहा थाना क्षेत्र के कम्मरपुर पुलिया के पास की है। थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे, तभी यह शातिर अपराधी चोरी की बाइक पर संदिग्ध अवस्था में दिखा। जैसे ही पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, उसने बाइक पलटकर भागने की कोशिश की और सीधे पुलिस बल पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे थानाध्यक्ष के कान के पास से गुजरी। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी फायरिंग की और अपराधी के पैर में गोली मारकर उसे लंगड़ा कर दिया।


गो-तस्करी और अपराध का ‘काला साम्राज्य’
पकड़ा गया पंकज यादव केवल एक सामान्य अपराधी नहीं, बल्कि अंतरजनपदीय गो-तस्कर है। पुलिसिया रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि इस पर गोंडा से लेकर देवरिया तक अपराधों का जाल बिछा हुआ है।
आरोपी पंकज यादव का आपराधिक चिट्ठा:
- मु0अ0सं0 447/2023: धारा 3/5ए/8 गो-हत्या निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम, कोतवाली देहात, गोण्डा।
- मु0अ0सं0 164/24: धारा 3/5ए/8 गो-हत्या निवारण अधिनियम, 325 बीएनएस व 11 पशु क्रूरता अधिनियम, एकौना, देवरिया।
- मु0अ0सं0 204/19: धारा 34/392/411 भादवि, सरपतहा, जौनपुर।
- मु0अ0सं0 238/19: धारा 34/392/411 भादवि, सरपतहा, जौनपुर।
- मु0अ0सं0 13/21: गो-हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम व धारा 419/420/467/468/471 भादवि, सरपतहा, जौनपुर।
- मु0अ0सं0 229/22: धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगेस्टर एक्ट, सरपतहा, जौनपुर।
- मु0अ0सं0 243/19: धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम, सरपतहा, जौनपुर।
- मु0अ0सं0 232/26: धारा 109(1)/317(2), 318(4) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट (वर्तमान मामला)।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने मौके से 0.315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखे और अखण्डनगर से चोरी की गई एक स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
अस्पताल में भर्ती कराए गए इस गो-तस्कर के खिलाफ अब पुलिस ने कानून का शिकंजा कस दिया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के अन्य जनपदों में फैले इसके आपराधिक नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
Author: fastblitz24


