आरोपी साहबलाल निषाद ने कबूला जुर्म
मानसिक रूप से विकृत और नशे का आदी है कातिल
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लापता हुई 6 साल की मासूम की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी साहबलाल निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गांव में व्याप्त आक्रोश और दहशत का माहौल थोड़ा शांत हुआ है, लेकिन इस दरिंदगी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं


बता दें कि बीते शनिवार की रात शादी समारोह में आई 6 वर्षीय बालिका अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की रातभर की मशक्कत के बाद रविवार सुबह उसका शव झाड़ियों में मिलने से हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने तत्काल पुलिस टीम गठित की थी।
नशे का आदी है गिरफ्तार आरोपी
जांच में जुटी जफराबाद पुलिस ने गांव के लोगों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर धनेजा निवासी साहबलाल निषाद (42) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी साहबलाल नशे का आदी और मानसिक रूप से विकृत प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसकी इन्हीं हरकतों से तंग आकर उसकी पत्नी बच्चों के साथ गुजरात चली गई थी और वह घर पर अकेला रहता था।
पुलिस की मुस्तैदी से सुलझी गुत्थी
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटना के महज 6 घंटे के अंदर आरोपी तक पहुँचकर उसे सलाखों के पीछे पहुँचा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बी.एन.एस. की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके चलते उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Author: fastblitz24


