बरसठी (जौनपुर)। मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को बरसठी थाना क्षेत्र में अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने दो गांवों में छापेमारी कर भारी मात्रा में एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स और नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।

क्या है पूरा मामला?
मुंबई क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नवनाथ डोले के नेतृत्व में आई टीम ने मुंबई में दर्ज एक ड्रग्स तस्करी के मामले में पकड़े गए आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर बरसठी इलाके में जाल बिछाया। स्थानीय पुलिस की मदद से टीम ने बारीगांव और खोइरी गांव में छापेमारी की।


बरामदगी और गिरफ्तारी का ब्योरा
- बारीगांव: टीम ने सत्यम मिश्र को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 26.56 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
- खोइरी गांव: पुलिस ने आरोपी किशन यादव के घर दबिश दी, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। उसके घर से 66.91 ग्राम एमडी ड्रग्स, 3.15 लाख रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और पैकिंग सामग्री जब्त की गई।
50 लाख है अंतरराष्ट्रीय कीमत
पुलिस के अनुसार, बरामद कुल 93.47 ग्राम एमडी ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब फरार आरोपी किशन यादव की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई ले जाया गया है, जहाँ उससे गिरोह के अन्य नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी।
Author: fastblitz24


