प्राथमिक विद्यालय पसेवा में सपा प्रवक्ता ने बांटी पठन-पाठन सामग्री
प्रदेश सरकार पर साधा निशाना, कहा- स्कूल बंद कर मदिरा को बढ़ावा दे रही सरकार
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश अहीर ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय पसेवा बस्ती में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षा व्यवस्था पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने शिक्षकों को नसीहत देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, उनके पठन-पाठन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिक्षा के प्रति उदासीन है सरकार


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा प्रवक्ता ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों को बंद कर शिक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। राकेश अहीर ने तंज कसते हुए कहा, “सरकार कंपोजिट प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय बंद कर रही है, लेकिन उसी जगह कंपोजिट मदिरा की दुकानों को बढ़ावा दिया जा रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि आज शिक्षा, स्वास्थ्य और चिकित्सा जैसे मूलभूत क्षेत्रों पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। सत्ता में बैठे लोगों के बच्चे बड़े संस्थानों में पढ़ रहे हैं, जबकि गरीब और मजदूरों के बच्चों की शिक्षा छीनी जा रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से इस व्यवस्था के खिलाफ जागरूक होने और संघर्ष करने का आह्वान किया।
बच्चों को दी पठन-पाठन सामग्री
समारोह के दौरान राकेश अहीर ने विद्यालय के दो दर्जन से अधिक बच्चों को पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया और उन्हें मिठाई खिलाकर मेहनत व निष्ठा से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन हेडमास्टर राजेश कुमार ने किया।
इस अवसर पर झारखंडे, मीना कुमारी, सरोज यादव, ज्योति यादव, रेखा मौर्य, अनीता देवी और हंसा देवी सहित विद्यालय के शिक्षक व स्थानीय ग्रामीण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Author: fastblitz24


