Fastblitz 24

खाकी के नाक के नीचे नाबालिग का अपहरण: पिता की गुहार पर जागा प्रशासन, आरोपी पर FIR दर्ज

 

तेजीबाज़ार क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात; बदलापुर के युवक पर लगा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

तेजीबाज़ार (जौनपुर): जनपद के तेजीबाज़ार थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। चितौडी गांव निवासी एक बेबस पिता ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।

क्या है मामला?

पीड़ित पिता ने अपनी शिकायत में बताया है कि बीते 11 जुलाई को बदलापुर थाना क्षेत्र के एक युवक ने कुत्सित मानसिकता का परिचय देते हुए उनकी नाबालिग पुत्री को अपने जाल में फंसाया और उसे अगवा कर लिया। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी जब लड़की का कोई सुराग नहीं लगा, तो पिता ने हार मानकर तेजीबाज़ार थाने की शरण ली और थानाध्यक्ष से अपनी बेटी को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई।

आरोपी विजय उर्फ बाबा की तलाश में जुटी पुलिस

इस गंभीर मामले में तेजीबाज़ार थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर विजय उर्फ बाबा के खिलाफ अपहरण और बहला-फुसलाकर ले जाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ और नाबालिग की बरामदगी के लिए टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया जाएगा।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज