Fast Blitz 24 |

UP Politics: जौनपुर में पल्लवी पटेल की हुंकार, कहा- ‘रोजगार नहीं तो सरकार नहीं’; बाइक रैली निकालकर सरकार को घेरा​

महंगाई और बेरोजगारी पर पल्लवी पटेल का हमला: बोलीं- सरकार के पास सिर्फ भाषण बचा है, रोजगार नहीं तो सरकार नहीं; खुद बाइक चलाकर गांव-गांव पहुंचीं सिराथू विधायक   

​  जौनपुर  ।  अपना दल (कमेरावादी) की ‘रोजगार एवं भागीदारी यात्रा’ शनिवार को जौनपुर के मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र स्थित सिहोरीवीर गांव पहुंची। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान डॉ. पटेल ने खुद मोटरसाइकिल चलाकर कार्यकर्ताओं के साथ गांवों का भ्रमण किया और केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा

​‘देश में बेरोजगारों की लंबी फौज तैयार हुई’

पत्रकारों से बातचीत में डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि देश और प्रदेश की सरकार सभी मोर्चों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। पूरे देश में महंगाई चरम पर है, जिससे किसान, छात्र और नौजवान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बेरोजगारी की एक लंबी फौज खड़ी हो गई है और सरकार के पास केवल भाषणबाजी के अलावा कुछ नहीं बचा है। उन्होंने मंच से नारा बुलंद किया कि “रोजगार नहीं तो सरकार नहीं और भागीदारी नहीं तो सरकार नहीं।”

​सर्किट हाउस नहीं, गांवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे नेता

यात्रा की रणनीति साझा करते हुए विधायक ने स्पष्ट किया कि इस पूरे अभियान के दौरान पार्टी का कोई भी नेता सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में नहीं रुकेगा। सभी नेता और कार्यकर्ता चिन्हित विधानसभाओं के गांवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनके बुनियादी सवालों पर संघर्ष करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उतरने की योजना है।

​8 दिसंबर को लखनऊ में होगा समापन

संविधान दिवस पर वाराणसी के सारनाथ से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न जिलों से होते हुए राजधानी लखनऊ पहुंचेगी। मड़ियाहूं पहुंचने पर डॉ. पटेल ने रास्ते में स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया और जगह-जगह आम सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से 8 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले यात्रा के समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।

​ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में दीनानाथ सरोज, अरविंद कुमार पटेल, रागिनी गौतम, अवधेश सरोज, राम चंद्र पटेल, राम श्रृंगार पटेल, राय अखिलेश सिंह, राम चंदर कन्नौजिया, अर्जुन पटेल, रिंकू पटेल, राजेश पटेल, नंद लाल पटेल, सतीश पटेल और शारदा पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Fast Blitz 24
Author: Fast Blitz 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *