Fastblitz 24

पत्नी की हुई थी हत्या, पति ने दी जान

 

आगरा। लोहिया नगर, बल्केश्वर (कमला नगर) निवासी पिंकी उर्फ प्रेमलता की हत्या हुई थी। बुधवार को पति ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घर में कोहराम मचा हुआ है। दो बच्चे अनाथ हो गए। पहले मां की हत्या हो गई। अब पिता ने खुदकुशी कर ली। बच्चों का मामा चीख-चीखकर पुलिस को कठघरे में खड़ा कर रहा है। घटना के बाद सदमे में आए घरवाले यही बोल रहे हैं कि किसी को अब क्या दोष देना।

लोहिया नगर निवासी मनीष कुमार 15 जुलाई से ज्यादा परेशान थे। कमला नगर थाना पुलिस ने उनकी पत्नी पिंकी उर्फ प्रेमलता हत्याकांड का खुलासा किया था। मनीष कुमार दोपहर करीब एक बजे बरामदे में लगे पंखे के कुंदे से लटके मिले। घरवालों की नजर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। रस्सी काटी। उन्हें नीचे उतारा। एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर कमला नगर थाना पुलिस को भी दी गई। थाना प्रभारी कमला नगर विपिन गौतम का कहना है कि पत्नी की हत्या के बाद से मनीष परेशान थे। पत्नी की याद में जान दे दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दूसरी तरफ मनीष कुमार के साले अतुल कुमार ने कमला नगर थाना पुलिस को कठघरे में खड़ा किया है। गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि मनीष कुमार के पिता का कहना है कि बहू की हत्या के बाद से बेटा परेशान रहने लगा था।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

मनीष कुमार के साले अतुल कुमार का कहना है कि बहन के लापता होने पर उन्होंने जो झेला था वह बता नहीं सकता। अपहरण का मुकदमा भी कोर्ट के आदेश पर लिखा गया था। दबिश का खर्चा भी उन्होंने उठाया था। बहन पिंकी उर्फ प्रेमलता चार फरवरी को लापता हुई थी। वे लोग थाने के चक्कर काट-काटकर थक गए। पहले दिन से बोल रहे थे कि शेर सिंह पर शक है। वह पिंकी की हत्या कर देगा। पुलिस ने नहीं सुनी। कोर्ट के आदेश पर 10 मई को अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। 15 जुलाई को पुलिस ने शेर सिंह को पकड़ा था। पिंकी का शव एत्मादुद्दौला क्षेत्र में यमुना किनारे दफन मिला था।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love