प्रमुख बाजारों में भीड़, हलवाई बनाने में जुटे हैं मिठाईयां ।
जौनपुर। रक्षाबंधन का त्योहार को लेकर बाजार गुलजार हो गए हैं सुस्त पड़े बाजार में एक बार फिर रौनक लौट आई है। मंगलवार को भी रक्षाबंधन के त्योहार से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी हुई। सबसे अधिक बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए रक्षासूत्र की खरीदारी की। सौंदर्य प्रसाधन की खरीदारी भी खूब हुई। उधर घेवर, सेवई की भी खूब बिक्री हुई। मिष्ठान विक्रेता खरीदारी को लेकर घेवर बनाने में जुटे हैं। रक्षाबंधन के त्योहार की तैयारियों जोरों पर है। बाजार में खरीदारी शुरू हो गई है। रविवार और सोमवार की तरह ही मंगलवार को भी बाजार खरीदारी से गुलजार बना रहा। शहर के लाइन बाजार, ओलंदगंज पॉलिटेक्निक , नईगंज, हरलाल का रोड स्टेशन रोड पर सबसे अधिक राखी की दुकानें लगाई गई हैं। इन दुकानों पर सुबह से शाम तक खूब खरीदारी हुई। रेशम के धागा की बिक्री तो आम बात है ही इस बार फैंसी राखियों की भी खूब डिमांड है। ज्वेलर्स की दुकानों पर चांदी की राखी भी तैयार कराने के लिए आर्डर लगाए गए हैं। ज्वेलर्स रविकांत का कहना है कि उनके यहां चांदी की राखियों की बुकिंग हुई है। राखियों को तैयार किया जा रहा है। उधर बाजार में भीड़ के चलते जाम जैसे हालात बने रहे। बाजार में लोगों को आवागमन में मुश्किल भी हुई।
स्नेह के पर्व रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाइयां सजाने को बहनें जुट गयी हैं। इस बार बाजार में चन्द्रयान-3 की राखियों की भी दिलों पर साफ्ट लैंडिंग देखी जा रही है। यह इनकी डिमांड से पता चल रहा है। शहर के कई बाजारों में दुकानदारों का कहना था इस बार रक्षाबंधन के त्योहार पर बाजार में ‘योगी-मोदी’ के साथ ही ‘चंद्रयान-3’ राखी की भी धूम है। वहीं खरीदारी कर रहीं बहनों ने इस बार रक्षाबंधन का पर्व इसरो के वैज्ञानिक भाइयों को समर्पित किया है। इसके लिए अपने भाइयों की कलाई पर ‘चंद्रयान-3 राखी’ बांधेगी और इसरो को धन्यवाद भी देंगी। शहर के प्रमुख बाजार ओलन्दगंज, कोतवाली चौराहा, सुतहटी बाजार में लगे राखी बाजारों में इन राखियों की खूब खरीदारी की जा रही है।
रुद्राक्ष, मौली और चांदी की राखियों की भी मांग: बाजार में कई तरह की रंग-बिरंगी आर्टिफिशियल और चांदी से बनी राखियां बिक्री के लिए दुकानों में सज गई हैं। राखी की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। हर बार की तरह इस बार भी मार्केट में कुछ नई डिजाइन की राखियां मिल रही हैं।